शहरी सेवा शिविर- 2025 (सेवा पखवाड़ा)
जयपुर, 18 सितंबर। शहरी सेवा शिविर 2025 के तहत गुरूवार को मानसरोवर जोन के पत्रकार रोड स्थित आनंद महल मैरिज गार्डन में आयोजित शिविर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान महापौर ने शिविर में आ रहे लोगों के लिए पर्याप्त छाया, पानी एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता को सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। महापौर ने इस अवसर पर आमजन से संवाद भी किया। साथ ही आयोजित शिविर का भी फीडबैक लिया। शिविर में आ रहे कईं लाभार्थियों ने बताया कि शिविर में पर्याप्त बैठने की सुविधा सहित अन्य सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की गईं हैं। साथ ही आमजन की समस्या का तत्काल निस्तारण किया जा रहा है।
इस अवसर पर लाभार्थियों को विवाह प्रमाण पत्र, जन्म प्रमाण पत्र, सब-डिविज़न, नाम हस्तांतरण के पत्र भी सौंपे। इन शिविरों का उद्देश्य है कि आमजन को उनकी जरूरत की सेवाएँ सरल, त्वरित और पारदर्शी रूप से उपलब्ध हो। लंबे समय से लंबित कार्य अब कुछ पलों में ही पूरे हो रहे हैं। जिससे नागरिकों के चेहरे पर संतोष और मुस्कान दिखाई दे रही है। शिविरों में जन्म-मृत्यु, विवाह पंजीकरण, फायर एनओसी, ट्रेड लाइसेंस और सीवर कनेक्शन जैसी कईं सेवाएँ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। यह पहल आमजन को वास्तविक राहत देने के साथ-साथ उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभा रही है।
गौरतलब है कि गुरूवार को शहरी सेवा शिविर 2025 (सेवा पखवाड़ा) के अंतर्गत् मानसरोवर जोन के वार्ड 65, 66, 67, 68, 71, 74, 83 एवं ग्राम पंचायत मुहाना, मदाऊ, गजसिंहपुरा, जगन्नाथपुरा के सम्पूर्ण राजस्व ग्राम क्षेत्र का शिविर आयोजित हुआ।

