जयपुर, 01 नवम्बर। नगर निगम ग्रेटर की कार्यकारिणी समिति (चतुर्थ) की विशेष बैठक शनिवार को मुख्यालय स्थित पं0 दीनदयाल उपाध्याय सभागार में आयोजित की गयी। जिसमें समिति के सदस्य, आयुक्त डॉ. गौरव सैनी, अतिरिक्त आयुक्त श्री नरेन्द्र कुमार बंसल सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी मौजूद रहे। बैठक में कुल 73 प्रस्ताव एवं अन्य अतिरिक्त प्रस्ताव रखे गये जिसमें से अधिकांशत प्रस्ताव ध्वनिमत से पारित किये गये। बैठक में महापौर ने कहा कि समयबद्ध रूप से 7 नवम्बर से पहले वार्डो के विकास कार्यो को पूर्ण किया जावे ताकि जनता को राहत प्रदान की जा सके। महापौर ने कहा कि संस्थाओं से संबंधित प्रस्तावों को सशर्त पारित किया गया कि सौन्दर्यकरण, रख-रखाव आदि का कार्य संबंधित संस्था द्वारा किया जायेगा।

बैठक में विकास कार्यो की समीक्षा सहित भवनों, सर्किल, उद्यानों, मार्गो, चौराहों, निर्माणधीन स्पोर्टस कॉम्पलेक्स के नामकरण, नगर निगम के अधिकारियों कर्मचारियों की पदोन्नति, स्थायीकरण, सहित विकास कार्यो की समीक्षा, ऊर्जा बचत परियोजना के तहत कार्यो के बारे में कार्यकारिणी समिति के सदस्यों से विचार-विमर्श कर प्रस्ताव पारित किये गये।
अतिरिक्त प्रस्तावों के अन्तर्गत लक्ष्मी मंदिर तिराहे पर लगी हुई मूर्तियों में लाल बहादुर शास्त्री जी भी मूर्ति लगाने हेतु प्रस्ताव रखा गया जिसे ध्वनिमत से पारित किया गया। इसके साथ ही रविन्द्र मंच के पास निर्माणाधीन कॉम्पलेक्स का नाम डॉ. बलिराम हेडगेवार स्पोर्टस एकेडमी के नाम से नामकरण की स्वीकृति हेतु प्रस्ताव को ध्वनिमत से पारित किया गया। सेन्ट्रल पार्क का नाम ‘‘भैरोसिंह शेखावत मेमोरियल पार्क’’ के नाम से नामकरण के सम्बन्ध में ध्वनिमत से पारित किया गया। पाथेय भवन तक जाने वाले मार्ग का नाम पत्रकार श्री माणक जी मार्ग के नाम से करने का प्रस्ताव पारित किया गया।
डबल स्टोरी भवन योजना सेक्टर 8 विद्याधर नगर उद्यान का नाम महावीर चक्र से सम्मानित महाराजा ब्रिगेडियर सवाई भवानी सिंह जी पार्क के नाम से नामकरण की स्वीकृति दी गई। इसके अतिरिक्त अन्य नामकरण, पदोन्नति, स्थाईकरण एजेण्डों पर चर्चा की गई जिसे समिति सदस्यों द्वारा बहुमत से पारित किया गया।

